सीवान। सीवान नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला के समीप हुए सनसनीखेज गोलीकांड में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए महज 08 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों के घुटनों में गोली लग गई। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम एक मामूली सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें भाजपा नेता के भगिना हर्ष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार समेत कई थानों की पुलिस को लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध वाहन की पहचान हुई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी हीरा चौधरी के पुत्र छोटू कुमार यादव को चिन्हित किया। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की गई।
पुलिस के अनुसार, दबिश के दौरान आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए उसके दोनों घुटनों में गोली मार दी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया। ऑन ड्यूटी चिकित्सक के मुताबिक आरोपी के दोनों घुटनों में गोली आर-पार हो गई थी।हालांकि इस मुठभेड़ को लेकर आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है, क्योंकि एसपी से संपर्क नहीं हो सका। वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई आरोपी को पकड़ने के दौरान आत्मरक्षा में की गई।फिलहाल पुलिस अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने अपराधियों को सख्त संदेश देने की कोशिश की है।







