लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में देर रात पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह नगर स्थित एक पिज्जा आउटलेट (Pizza Outlet) पर ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी फैल गई। हमलावर आउटलेट के अंदर दाखिल हुए और महज 3 से 4 सेकंड में तीन गोलियां चलाकर फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई।
अचानक हुई गोलीबारी से आउटलेट में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि हमलावर पिज्जा आउटलेट के अंदर पहुंचते हैं। इसके बाद बिना ज्यादा वक्त गंवाए लगातार तीन राउंड फायरिंग की जाती है।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से निकल जाते हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।
इंस्टाग्राम पोस्ट से बढ़ा सस्पेंस
फायरिंग के बाद इंस्टाग्राम पर ‘गोपी लाहोरिया ग्रुप’ नाम के एक पेज से घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में दावा किया गया कि पिज्जा आउटलेट पर हुई फायरिंग उनके लोगों ने की।
पोस्ट में यह भी धमकी दी गई कि अगली बार गोली सीधे सिर पर मारी जाएगी। हालांकि, पुलिस ने इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की है और इसकी सत्यता की जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट वास्तव में हमलावरों या उनके किसी सहयोगी की ओर से की गई थी या किसी ने फर्जी तरीके से इसे वायरल किया।
शूटरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस टीम CCTV फुटेज के अलावा सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का मुख्य फोकस हमलावरों तक पहुंचने और फायरिंग के पीछे की वजह पता लगाने पर है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना किसी धमकी, आपसी विवाद या किसी अन्य वजह से जुड़ी है या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने CCTV फुटेज और सोशल मीडिया पर सामने आए दावे को जांच का हिस्सा बनाया है। मामले की पूरी तस्वीर हमलावरों की पहचान और जांच आगे बढ़ने के बाद ही साफ हो सकेगी।









