समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट और अपनी हालिया प्रेसवार्ता के जरिए उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर करारा तंज कसा है। उन्होंने प्रदेश की चरमराती बिजली व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया और दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा को ‘धो-पटककर’ हमेशा के लिए सुखा देगी।
सीएम-बिजली मंत्री के रिश्तों पर उठाए सवाल:
उत्तर प्रदेश में जारी बिजली संकट पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि गनीमत है कि राज्य के ‘असफल मुख्यमंत्री’ ने इस ‘महा विद्युत आपदा’ के पीछे दिल्ली वालों (केंद्रीय नेतृत्व) द्वारा भेजे गए किसी दूत की साजिश का आरोप नहीं मढ़ दिया। मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री के बीच कथित मतभेदों पर चुटकी लेते हुए सपा प्रमुख ने लिखा— “यह साफ होना चाहिए कि सीएम की समीक्षा बैठक में बिजली मंत्री आते नहीं हैं या उन्हें बुलाया नहीं जाता? अगर वे आते हैं, तो माननीय मुख्यमंत्री जी से अनुरोध है कि उनके कंधे पर हाथ रखकर एक तस्वीर पोस्ट कर दें, ताकि जनता को आपकी आपसी ‘गर्मी’ से थोड़ी राहत मिल सके, क्योंकि जनता ने आप दोनों को कभी एक साथ नहीं देखा।” उन्होंने आगे कहा कि भाजपा राज में बिजली सब-स्टेशनों पर पीएसी (PAC) लगानी पड़ रही है और सरकार के ही सांसद-विधायक जनता के गुस्से से बचने के लिए अपनी ही सरकार के खिलाफ चिट्ठियां लिख रहे हैं।
सरकार करा रही फेक एनकाउंटर:
सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी में अपनी प्रशासनिक धाक जमाने और जनता को डराने के उद्देश्य से लगातार ‘फेक एनकाउंटर’ की साजिशें रची जा रही हैं। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार अपराधियों की ‘जाति’ देखकर एनकाउंटर का फैसला करती है।
पीडीए वर्ग पर अत्याचार और हाथरस केस का जिक्र:
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए हैं और सबसे अधिक फर्जी एनकाउंटर भी इसी वर्ग के लोगों के किए गए हैं। उन्होंने जौनपुर के एक यादव पुजारी के कथित एनकाउंटर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सपा ने संघर्ष करके पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया और दोषियों को जेल भिजवाया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि फर्जी एनकाउंटर करने वाले पुलिसकर्मी ‘मानसिक रोगी’ बन जाते हैं। वर्ष 2020 के चर्चित हाथरस कांड का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि जो भयावह स्थिति 2020 में हाथरस में थी, वैसी ही प्रशासनिक विफलता अब साल 2026 में भी प्रदेश में दिखाई दे रही है।
यूपी में सपा सरकार बनते ही गिर जाएगी केंद्र की भाजपा:
देश की आर्थिक स्थिति पर बात करते हुए सपा प्रमुख ने भाजपा पर ‘फेक अर्थव्यवस्था’ का प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डॉलर की कीमत जितनी बढ़ेगी, चाय उतनी ही महंगी होगी, जिसका सीधा बोझ आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने एक बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जैसे ही समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, दिल्ली में बैठी केंद्र की भाजपा सरकार भी ताश के पत्तों की तरह गिर जाएगी।









