लखनऊ से बेंगलुरु आ रही इंडिगो (Indigo) की फ्लाइट 6E231 को बम की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। सूत्रों के मुताबिक, विमान के बेंगलुरु एयरपोर्ट पर अंतिम अप्रोच के दौरान क्रू को विमान में बम होने की सूचना मिली। इसके बाद पायलट और क्रू ने तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जरूरी कदम उठाए।
फ्लाइट ने सुबह करीब 9:40 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के उतरते ही क्रू ने संबंधित अधिकारियों को धमकी की जानकारी दी। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और विमान की जांच शुरू कर दी।
SOP के तहत विमान की पूरी तलाशी
सुरक्षा एजेंसियों ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत विमान की विस्तृत तलाशी शुरू की। विमान के अंदरूनी हिस्सों के अलावा यात्रियों के सामान और अन्य संवेदनशील स्थानों की भी जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में धमकी के होक्स यानी फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं और जांच पूरी होने तक सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं।
फिलहाल विमान सुरक्षित है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि धमकी कहां से आई थी और यह वास्तविक थी या फर्जी।








