• About us
  • Privacy Policy
  • Disclaimer
  • Terms & Conditions
  • Child Safety Policy
  • Contact
24 Ghante Latest Hindi News
  • होम
  • राष्ट्रीय
    • उत्तराखंड
    • उत्तर प्रदेश
    • पंजाब
    • हरियाणा
    • छत्तीसगढ़
    • राजस्थान
    • हिमाचल प्रदेश
  • राजनीति
  • अंतर्राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
  • स्वास्थ्य
  • धर्म
  • होम
  • राष्ट्रीय
    • उत्तराखंड
    • उत्तर प्रदेश
    • पंजाब
    • हरियाणा
    • छत्तीसगढ़
    • राजस्थान
    • हिमाचल प्रदेश
  • राजनीति
  • अंतर्राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
  • स्वास्थ्य
  • धर्म
No Result
View All Result

प्रदेश की धरती पर गुंडों, माफिया को पनपने नहीं देंगे : मुख्यमंत्री योगी

Writer D by Writer D
06/04/2026
in Main Slider, उत्तर प्रदेश, गोरखपुर, राजनीति
0
CM Yogi

CM Yogi

14
SHARES
176
VIEWS
Share on FacebookShare on TwitterShare on Whatsapp

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा है कि वे उत्तर प्रदेश की धरती पर गुंडों और माफिया को पनपने नहीं देंगे। गुंडों और माफिया की जहां जगह होगी, वहां उन्हें पहुंचा दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू, अराजकता और लूट-खसोट के दिन लद गए हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में व्यापारियों व महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी है। सरकार हर व्यक्ति के जीवन सुगमता और उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। 

सीएम योगी (CM Yogi) रविवार शाम घंटाघर स्थित अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में बने मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य के लोकार्पण और विरासत गलियारा पांडेयहाता कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। नवनिर्मित पार्किंग कॉम्प्लेक्स की छत पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद आज भी प्रदेश, इसका तंत्र और पुलिस वही है लेकिन आज इसकी पहचान बदल गई है। 2017 के पहले हर जिले में माफिया की समानांतर सरकार थी, नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। जबकि आज प्रदेश के नौजवान को अन्य जगहों पर सम्मान मिलता है। आज का उत्तर प्रदेश अब उपद्रव नहीं उत्सव प्रदेश बन चुका है। अब यहां अराजकता नहीं है बल्कि यह माफियामुक्त हो चुका है। सुरक्षित माहौल में व्यापारी और बेटियों ने स्वावलंबन की नई ऊंचाई की यात्रा शुरू की है। 

नीयत साफ हो तो नजारा बदलते देर नहीं लगती-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कहा कि कि जब सरकार की नीयत साफ होती है तो नजारा बदलते देर नहीं लगती। विरासत गलियारा और मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स इसका उदाहरण है। सरकार की नीयत साफ है तो विरासत गलियारा के पहले फेज का काम लगभग पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि 2017 के पहले इसी गोरखपुर की पहचान माफिया, मच्छर और इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी के चलते थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार ने गोरखपुर सहित प्रदेश को माफियामुक्त, उपद्रवमुक्त, दंगामुक्त, मच्छरमुक्त और इंसेफिलाइटिसमुक्त बना दिया है। उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि संकीर्णता में उठाए गए कदम से माफिया और मच्छर को पनपने का मौका मिलता है। इसलिए लोमड़ी की तरह ताक लगाए बैठे ऐसे लोगों को अवसर नहीं देना है जो शोषण का कारण बनते थे। वे माफिया और अराजकता को प्रश्रय देते थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया और गुंडों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति बनी रहेगी। पुलिस को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि जहां भी गुंडों का फन उठे, उसे कुचल दीजिए।

खाएंगे हिंदुस्तान का लेकिन गाएंगे नहीं-

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का विरोध करने वाले लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये ऐसे लोग हैं जो खाएंगे हिंदुस्तान का लेकिन हिंदुस्तान का गाएंगे नहीं। उन्होंने कहा कि नया भारत इसे कतई स्वीकार नहीं करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना भेदभाव सबको शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है तो राष्ट्र के प्रतीकों, राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान, राष्ट्रीय ध्वज और बाबा साहब आंबेडकर के बनाए संविधान को सम्मान देना होगा। 

स्मार्ट सिटी के विजन के अनुरूप बढ़ रहा गोरखपुर-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने गोरखपुर में इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा, कारोबारी और जीवन सुगमता के क्षेत्र में आए उल्लेखनीय बदलाव की विस्तार से चर्चा की और कहा कि आज का गोरखपुर स्मार्ट विजन के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। उन्होंने घंटाघर क्षेत्र में विरासत गलियारा के निर्माण और मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स को जाम की समस्या का समाधान करने वाला बताया। साथ ही कहा कि जब आवागमन सुगम होगा तो व्यापार में भी समृद्धि आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विरासत गलियारा बनकर तैयार होगा तो यहां की सड़क सबसे खूबसूरत होगी और यहां फिल्मों की शूटिंग भी होगी। जब विरासत गलियारा बन जाएगा तब यहां भव्य रोड शो की तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स में भी विरासत गलियारा के प्रभावित दुकानदारों को जगह दी गई है। जो शेष रह जाएंगे उनका पांडेयहाता के कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में व्यवस्थित पुनर्वास कराया जाएगा। 

नौ साल में नहीं लगाया कोई नया टैक्स-

आमजन और व्यापारियों के हित पर सरकार के रूख का ध्यान आकर्षित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि नौ साल में उनकी सरकार ने कोई भी नया टैक्स नहीं लगाया। इसके बावजूद प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना बढ़ाया गया है। उन्होंने नगर निगम को हिदायत दी कि कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स में व्यापारियों से अधिक किराया न लिया जाए। उतना ही किराया तय किया जाए, जितना व्यापारी आसानी से दे सकें। उन्होंने कहा कि जीआईएस सर्वे को लेकर भी उन्होंने अधिक टैक्स न लेने और अधिक लिए गए रुपये के समायोजन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि टैक्स में राहत देने की व्यवस्था पर उनका जोर है। टैक्स की व्यवस्था ऐसी ही होनी चाहिए जैसे बादल बारिश के रूप में वापस कर देते हैं। उन्होंने कहा कि जब टैक्स का पैसा विकास और वेलफेयर की योजनाओं में खर्च होगा तो समृद्धि आएगी। 

चिलुआताल में बनेगा फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्लांट-

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने चिलुआताल में फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्लांट की स्थापना की मंजूरी दी है। यहां 20 मेगावाट बिजली पैदा होगी जिसका इस्तेमाल सोलर लाइट में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गोरखपुर सोलर सिटी के रूप में भी विकसित होगा। उन्होंने कहा कि गोड़धोइया नाला परियोजना भी जल्द पूर्ण होकर विकास का मॉडल बनेगा। मुख्यमंत्री में चार विश्वविद्यालय, नाइलिट, कई पॉलिटेक्निक, आईटीआई का उल्लेख करते हुए बताया कि एमपीआईटी में पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी बनकर तैयार है। 15 अप्रैल को इसके शुभारंभ अवसर पर टाटा संस के चेयरमैन एन. चन्द्रशेखरन भी गोरखपुर आएंगे। 

आजादी की लड़ाई का साक्षी है घंटाघर-

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य के लोकार्पण के अवसर पर कहा कि यह घंटाघर क्षेत्र आजादी की लड़ाई का साक्षी है। यह बता सकता है कि आजादी की क्या कीमत होती है। इसने पीढ़ियों को बदलते देखा है। यह प्रेरणा और गर्व का केंद्र है। इसके पुनरुद्धार और संरक्षण की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है। 

सीएम योगी के नेतृत्व में नजर आ रही विकास की अद्वितीय तस्वीर : रविकिशन

इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में गोरखपुर सहित पूरे प्रदेश में विकास की अद्वितीय तस्वीर नजर आ रही है। वह एक निस्वार्थ संत हैं और विकास तथा जनकल्याण ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सीएम योगी के विजन से गोरखपुर विकास की नई आभा से निखर उठा है। कार्यक्रम को विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया। 

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, पूर्व महापौर सीताराम जायसवाल, अंजू चौधरी, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, सर्राफा मंडल के गणेश वर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सीएम ने रखी नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पांडेयहाता (विरासत गलियारा) में नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी। उन्होंने विधि विधान से भूमि पूजन किया और इसके बाद निर्माण के लिए पहली ईंट रखी। सीएम ने कॉम्प्लेक्स के ड्राइंग मैप का भी अवलोकन किया और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। शिलान्यास स्थल से लेकर लोकार्पण स्थल तक लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया।

सीएम के जन सरोकारी विजन का साकार रूप होगा पांडेयहाता का कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स-

विरासत गलियारा पांडेयहाता में कॉमर्शियल का निर्माण 34.43 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। यह भी सीएम योगी के दूरदर्शी और जन सरोकारी विजन का ही रूप होगा। इस कॉम्प्लेक्स के बनाने के निर्देश उन्होंने विरासत गलियारा सड़क चौड़ीकरण परियोजना में प्रभावित दुकानदारों के कारोबारी समायोजन के लिए दिए हैं। इस कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के प्रथम भाग में 65 दुकानें बनेंगी जबकि बेसमेंट में 28 कारों की पार्किंग हो सकेंगी। जबकि द्वितीय भाग में बेसमेंट का निर्माण होगा जहां 54 कारों तथा 68 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी।

घंटाघर के सौंदर्यीकरण का लोकार्पण कर वंदे मातरम के सामूहिक गायन में शामिल हुए मुख्यमंत्री-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम ऐतिहासिक गौरवगाथा के जीवंत प्रतीक घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर वह यहां आयोजित सामूहिक वंदे मातरम के गायन में भी सम्मिलित हुए। 

घंटाघर के साथ स्वतंत्रता आंदोलन की यादें जुड़ी हैं। आज जिस स्थान पर घंटाघर है, वहां देश के प्रथम स्वातंत्र्य संग्राम के दौरान पाकड़ का एक विशाल वृक्ष हुआ करता था। इसी वृक्ष पर आजादी की पहली लड़ाई में कई स्वतंत्रता सेनानियों को फांसी दी गई थी। 19 दिसंबर 1927 को काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक पंडित रामप्रसाद बिस्मिल को जब गोरखपुर कारागार में फांसी दी गई थी तब उनकी शवयात्रा घंटाघर में आकर रुकी थी। तब बिस्मिल जी की माता ने यहां एक प्रेरक उद्बोधन दिया था। मीनार की तरह ऊंची इमारत के रूप में घंटाघर के निर्माण का वर्ष 1930 में रायगंज के सेठ राम खेलावन और सेठ ठाकुर प्रसाद ने कराया था। इमारत पर घंटे वाली एक घड़ी लगाई गई जिसकी वजह से यह घंटाघर के नाम से प्रसिद्ध हो गई। इमारत के निचले हिस्से पर पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के बलिदान की याद दिलाती चित्रकारी उकेरी गई है। विरासत के संरक्षण के लिए नगर निगम ने एक करोड़ रुपये खर्च कर इसका सौंदर्यीकरण कराया है ताकि आने वाली पीढियां भी इस गौरवगाथा से परिचित हो सकें।

 शीतला माता मंदिर में सीएम योगी ने की पूजा-

घंटाघर के अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स में भूतल पर अवस्थित किए गए शीतला माता मंदिर में विधि विधान से दर्शन, पूजन किया। कॉम्प्लेक्स निर्माण के दौरान इस मंदिर को और भी सुव्यवस्थित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने मंदिर में शीतला माता का दर्शन पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और चराचर जगत के कल्याण की प्रार्थना की। 

बंधु सिंह और पंडित बिस्मिल की मूर्ति का किया अनावरण-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्किंग कॉम्प्लेक्स में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानी बंधु सिंह और काकोरी ट्रेन एक्शन के अमर सेनानी पंडित रामप्रसाद बिस्मिल की मूर्ति का अनावरण भी किया। उन्होंने दोनों विभूतियों की मूर्ति पर पुष्पांजलि कर राष्ट्रहित में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। उन्होंने अपने संबोधन में भी दोनों अमर सेनानियों के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला और उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

सीएम ने किया पार्किंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण, नव आवंटियों को वितरित किए स्वीकृति पत्र-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स का भ्रमण कर वहां पार्किंग सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। कॉम्प्लेक्स की दीवारों पर विरासत को सहेजने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े प्रसंगों को देखकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। लोकार्पण समारोह के दौरान मंच से मुख्यमंत्री कॉम्प्लेक्स में बनी दुकानों के लिए नव आवंटियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। 

 मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स में 250 वाहनों की पार्किंग, 43 दुकानें भी-

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घंटाघर में अमर बलिदानी बंधु सिंह के नाम पर बने जिस मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया, उसमें 250 वाहनों की पार्किंग की क्षमता है। साथ ही इसमें 43 दुकानें भी बनाई गई हैं। कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर 27.26 करोड़ रुपये की लागत आई है। कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में 26 व द्वितीय तल पर 24 कारों और छत पर 200 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी। जबकि भूतल पर 21 तथा प्रथम तल पर 22 दुकानों और पुरुष/महिला शौचालय का निर्माण हुआ है।

Tags: cm yogi
Previous Post

देश और समाज के लिए जीता है भाजपा कार्यकर्ता: सीएम योगी

Next Post

सीएम की प्रेरणा से डीएम का जनदर्शन त्वरित एक्शन; प्रभावी निस्तारण से जनमन का अपार विश्वास

Writer D

Writer D

Related Posts

Multani Mitti
Main Slider

डल स्किन भी खिल उठेगी, इन तरीकों से करें इस मिट्टी का इस्तेमाल

17/07/2026
PM Modi
Main Slider

प्रधानमंत्री का 18वां हरियाणा दौरा: 12,470 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की मिलेगी सौगात

16/07/2026
CM Yogi
उत्तर प्रदेश

योगी सरकार में ओबीसी छात्रों को मिला शिक्षा का मजबूत सहारा

16/07/2026
CM Yogi
उत्तर प्रदेश

रोबोटिक्स, AI और डीप टेक का अग्रणी केंद्र बनेगा उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी

16/07/2026
cm dhami
Main Slider

मुख्यमंत्री धामी ने वृद्ध जागेश्वर में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना

16/07/2026
Next Post
Savin Basnal

सीएम की प्रेरणा से डीएम का जनदर्शन त्वरित एक्शन; प्रभावी निस्तारण से जनमन का अपार विश्वास

यह भी पढ़ें

डेक्कन चार्जर्स को हटाना BCCI को पड़ा भारी

डेक्कन चार्जर्स को IPL से हटाना BCCI को पड़ा भारी, लगा 4800 करोड़ रुपए का जुर्माना

18/07/2020
National Defense University

प्रदेश में होगी राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की स्थापना

02/05/2022
CM Yogi

होली से पहले निकाली जाएगी भक्त प्रहलाद की शोभायात्रा, सीएम योगी भी होंगे शामिल

24/03/2024
Facebook Twitter Youtube

© 2017 24घंटेऑनलाइन

  • होम
  • राष्ट्रीय
    • उत्तराखंड
    • उत्तर प्रदेश
    • पंजाब
    • हरियाणा
    • छत्तीसगढ़
    • राजस्थान
    • हिमाचल प्रदेश
  • राजनीति
  • अंतर्राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
  • स्वास्थ्य
  • धर्म

© 2017 24घंटेऑनलाइन

Go to mobile version