• About us
  • Privacy Policy
  • Disclaimer
  • Terms & Conditions
  • Child Safety Policy
  • Contact
24 Ghante Latest Hindi News
Advertisement
  • होम
  • राष्ट्रीय
    • उत्तराखंड
    • उत्तर प्रदेश
    • पंजाब
    • हरियाणा
    • छत्तीसगढ़
    • राजस्थान
    • हिमाचल प्रदेश
  • राजनीति
  • अंतर्राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
  • स्वास्थ्य
  • धर्म
  • होम
  • राष्ट्रीय
    • उत्तराखंड
    • उत्तर प्रदेश
    • पंजाब
    • हरियाणा
    • छत्तीसगढ़
    • राजस्थान
    • हिमाचल प्रदेश
  • राजनीति
  • अंतर्राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
  • स्वास्थ्य
  • धर्म
No Result
View All Result

जीरो टॉलरेंस नीति से अपराधियों और उनके आकाओं को ही परेशानी : योगी आदित्यनाथ

Writer D by Writer D
29/09/2024
in उत्तर प्रदेश, गोरखपुर, राजनीति
0
CM Yogi

CM Yogi

14
SHARES
176
VIEWS
Share on FacebookShare on TwitterShare on Whatsapp

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कहा कि सुरक्षा के बेहतरीन माहौल में ही निवेश आता है। जब व्यक्ति ही सुरक्षित नहीं रहेगा तो उसकी पूंजी कैसे सुरक्षित रह पाएगी। पर, सुरक्षा के इस शानदार माहौल से, अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति से उन लोगों और उनके आकाओं परेशानी होती है जिनके लिए अपराध ही पेशा था। जो अपराध करने को ही बड़प्पन मानते थे। सरकार कानून व्यवस्था को लेकर जीरो टॉलरेंस के लिए प्रतिबद्ध है क्योंकि इससे ही वर्तमान सुरक्षित रहेगा और बेहतर भविष्य के लिए वर्तमान का सुरक्षित रहना आवश्यक है।

सीएम योगी (CM Yogi)  रविवार को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के समीप बस रहे औद्योगिक गलियारे में गीडा के सेक्टर 27 में बहुराष्ट्रीय कंपनी पेप्सिको की फ्रेंचाइजी मेसर्स वरुण बेवरेजेज के 1170 करोड़ रुपये के निवेश से लगी यूनिट (शीतल पेय बॉटलिंग एवं डेयरी उत्पाद संयंत्र) का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद यहां आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे नौकरी की बजाय उद्यमिता पर अधिक ध्यान दें। रोजगार के लिए और अधिक अवसर पाने के लिए उद्यमिता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। आधुनिक विकास की नई ऊंचाइयों को छूने वाले जिन देशों ने उद्यमिता, शोध और नवाचार पर ध्यान दिया है, वही देश आर्थिक परिदृश्य में केंद्र बिंदु में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के रोजगार के लिए, जन आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए जो अवसर चाहिए उनमें निवेश सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। सुखद स्थिति है कि बीते सात साल में उत्तर प्रदेश निवेश का बेहतरीन गंतव्य बन चुका है।

यूपी में निवेश के सवाल को लिया चुनौती के रूप में, संकल्प से बनाया बेहतरीन डेस्टिनेशन

सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि 2017 में जब पहली बार उनकी सरकार बनी तो उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को तलाशने के लिए टीम को लगाया गया। टीम ने रिपोर्ट दी कि प्रदेश में 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आ सकता है। तत्समय 23 करोड़ की आबादी वाले राज्य में मात्र 20 हजार करोड़ के निवेश को लेकर बताया गया कि यूपी में निवेश कौन करेगा। सीएम योगी ने कहा कि उन्होंने इस सवाल को चुनौती के रूप में स्वीकार किया और संकल्प लिया कि उत्तर प्रदेश को ऐसा बनाएंगे जहां देश और दुनिया के निवेशक निवेश करने आएंगे। इसके लिए जिस स्पीड में काम किया गया उसका परिणाम रहा कि फरवरी 2023 में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में यूपी को 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। इनमें से 10 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों का पीएम मोदी की उपस्थिति में हुए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शिलान्यास हो चुका है। जबकि 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरने के लिए पाइप लाइन में हैं।

निवेश से बढ़ी औद्योगिक विकास की आस

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कहा निवेश के रूप में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास की आस भी बढ़ रही है और रोजगार भी आ रहा है। उन्होंने वरुण बेवरेजेज की गीडा यूनिट का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां पूंजी तो आई ही, प्रशासन ने 48 एकड़ भूमि देकर काम आगे बढ़ाया। नतीजा है कि आज यहां 1500 से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। इनमें से 90 प्रतिशत लोग यूपी और यूपी में भी 70 प्रतिशत से अधिक लोग गोरखपुर और आसपास के हैं। उन्होंने कहा कि युवा पहले नौकरी के लिए बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, थाईलैंड या सिंगापुर जाने को विवश होते थे। आज उन्हें घर के पास ही नौकरी और रोजगार की सुविधा मिल रही है। पर, यह सुविधा अचानक नहीं आई है।

तीन-चार साल में ही गीडा में हुआ 12 हजार करोड़ का निवेश

सीएम (CM Yogi) ने कहा कि गीडा के शिलान्यास के बाद 1998 तक उद्योग लगने का नाम तक नहीं था। धरना प्रदर्शन, लाठी चार्ज, गोली चलने से कोई निवेश के लिए आना नहीं चाहता था। इन समस्याओं का समाधान किया गया, निवेशकों से संवाद बढ़ाया गया। परिणाम है कि बीते तीन-चार सालों में ही गीडा में 12 हजार करोड़ रुपये का निवेश हो चुका है।

सुगमता से बढ़ते कार्यक्रम से आ रहा निवेश, बढ़ रहा रोजगार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कहा कि निवेश को धरातल पर उतारने के लिए लैंड बैंक, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का बेहतरीन होना जरूरी है। सरकार ने इन सब पर पूरा ध्यान दिया। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए डिजिटल प्लेटफार्म तैयार किए। निवेश मित्र पोर्टल जहां 450 से अधिक एनओसी के लिए सिंगल विंडो प्लेटफार्म है तो वहीं निवेश सारथी से निवेश एमओयू की मॉनिटरिंग होती है और जब निवेश धरातल पर उतर जाता है तो निवेशकों को इंसेंटिव देने के लिए भी ऑनलाइन व्यवस्था है। साथ ही निवेशकों की समस्याओं के समाधान के लिए सीएम फेलो को भी लगाया गया है। सीएम योगी ने कहा कि जब सुगमता से कार्यक्रम आगे बढ़ते हैं तो निवेश और रोजगार सृजन भी दिखता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गीडा में आईजीएल, गैलेंट, अंकुर उद्योग, केयान डिस्टिलरी, ज्ञान डेयरी, तत्वा प्लास्टिक ने भी निवेश किया है। गीडा की तरफ से प्लास्टिक पार्क, फ्लैटेड फैक्ट्री और रेडीमेड गारमेंट पार्क का काम भी युद्ध स्तर पर आग बढ़ाया जा रहा है।

धुरियापार को बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बनाने की कार्यवाही शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि धुरियापार में सीबीजी प्लांट की स्थापना हो चुकी है। यहां पराली से एथेनाल बनाने के साथ ग्रीन एनर्जी की तरफ कदम बढ़ा दिया गया है। अब धुरियापार को बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बनाने की कार्यवाही भी आगे बढ़ाई जा रही है। सीएम योगी ने कहा कि आज यूपी के पास एक्सप्रेसवे का संजाल है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से इस क्षेत्र की जनता और उद्यमियों को काफी सहूलियत होगी।

बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर की तरह बनेगा महिलाओं का समूह

सीएम योगी जी कहा कि वरुण बेवरेजेज ने बेहतरीन डेयरी प्रोडक्ट बन रहे हैं। अभी स्थानीय स्तर पर पर्याप्त दूध न मिल पाने से प्लांट के लिए दूध बाहर से मंगाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस दिक्कत को देखते हुए सरकार ने बुंदेलखंड की बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर की तर्ज पर महिलाओं का समूह बनाने के लिए 20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसे तत्काल आगे बढ़ाने की आवश्यकता है ताकि वरुण बेवरेजेज को दूध गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल के जिलों से ही मिलने लगे। इससे किसानों की आय कई गुना बढ़ेगी और पशुधन भी बचेगा। उन्होंने वरुण बेवरेजेज प्रबंधन से कहा कि वे प्रगतिशील किसानों को प्लांट का विजिट कराएं।

साढ़े छह लाख को सरकारी नौकरी, दो करोड़ को एमएसएमई-उद्योग में रोजगार

यूपी को निवेश का बेहतरीन डेस्टिनेशन बताते हुए सीएम योगी ने कहा कि सरकार नौकरी के साथ ही स्टार्टअप्स और उद्योग लगाने के लिए सतत प्रोत्साहन दे रही है। युवाओं को हरेक क्षेत्र में उचित अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में साढ़े छह लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। जबकि दो करोड़ को एमएसएमई-उद्योग में रोजगार मिला है, 60 लाख युवाओं को स्वतः रोजगार से जोड़ा गया है।

युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए देंगे ब्याजमुक्त लोन

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए उनकी सरकार ब्याजमुक्त लोन देने जा रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत पहले चरण में पांच लाख रुपये तथा दूसरे चरण में दस लाख रुपये का लोन दिया जाएगा।

दुनिया में धूम मचा रहा यूपी का ओडीओपी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के प्रभावी होने के बाद लाखों की संख्या में रोजगार सृजन हुआ है। यूपी का ओडीओपी दुनिया में धूम मचा रहा है और देश में ब्रांड बन गया है।

स्किल डेवलपमेंट के लिए भी हो रहा है कार्य

सीएम योगी ने कहा कि निवेश और रोजगार के साथ ही सरकार स्किल डेवलपमेंट के लिए भी कार्य कर रही है। इसी क्रम में गीडा में भारत सरकार के सहयोग से एक स्किल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर खोला गया है। सरकार की कोशिश इंडस्ट्री और इंस्टिट्यूशन को जोड़कर स्किल्ड मैनपॉवर उपलब्ध कराने की है।

सीएम योगी ने जो किया वह देश में मॉडल बनकर उभरा : नंदी

इस अवसर पर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में चौतरफा विकास का कारवां आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो कहा, वो कर दिखाया और जो किया वह पूरे देश में मॉडल बनकर उभरा। श्री नंदी ने कहा कि 2017 के पहले के यूपी, पूर्वांचल और गोरखपुर की तुलना आज के दौर से करने और जमीन आसमान का अंतर नजर आएगा। पहले की सरकारें जहां अपना, अपने परिवार, रिश्तेदार और फिर अपनी जाति तक सीमित थीं तो वहीं सीएम योगी ने बिना भेदभाव समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाई है। सीएम योगी के नेतृत्व में सिर्फ प्रदेश ही नहीं बदला है बल्कि परिवेश भी बदला है। आज का उत्तर प्रदेश सशक्त, समृद्ध और गतिशील प्रदेश है। उन्होंने कहा कि 2017 के पूर्व उत्तर प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र का बुनियादी ढांचा व्हीलचेयर पर था और आज सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी औद्योगिक प्रगति के मामले में फर्राटा भर रहा है।

प्रयागराज में भी बॉटलिंग प्लांट लगा रहा वरुण बेवरेजेज : रविकांत जयपुरिया

स्वागत संबोधन में मेसर्स वरुण बेवरेजेज के चेयरमैन रविकांत जयपुरिया ने कहा कि वरुण बेवरेजेज, पेप्सिको के ब्रांड के विश्व के सबसे बड़े मैन्युफैक्चरर्स में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन और सहयोग से गोरखपुर में वरुण बेवरेजेज की यूनिट बहुत कम समय में तैयार हो गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में यूपी काफी आगे है। सरकार की इंडस्ट्री फ्रेंडली नीतियों से उत्तर प्रदेश में तीव्र औद्योगिक विकास हो रहा है। बताया कि सरकार के प्रोत्साहन से वरुण बेवरेजेज प्रयागराज में भी बॉटलिंग प्लांट लगाने का काम शुरू कर चुका है। 2025 के शुरुआत में वहां भी प्लांट के लोकार्पण की तैयारी है। उन्होंने बताया कि वरुण बेवरेजेज को प्लास्टिक रिसाइक्लिंग प्लांट लगाने के लिए भी सरकार फर्रुखाबाद में भूमि आवंटन कर चुकी है। श्री जयपुरिया ने बताया कि गीडा यूनिट में सॉफ्ट ड्रिंक्स के साथ ही अब डेयरी उत्पादों का उत्पादन शुरू हो गया है। यह प्लांट गोरखपुर के किसानों से दूध खरीदकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश करेगा। उन्होंने सीएसआर फंड से जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में आरुह हेल्थ क्लिनिक की पहल किए जाने और गोरखपुर में भी ऐसी एक क्लिनिक के संचालन की जानकारी भी दी।

वरुण बेवरेजेज की गीडा यूनिट ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का उत्कृष्ट उदाहरण : कमलेश जैन

वरुण बेवरेजेज के अधिशासी निदेशक कमलेश जैन ने कहा कि गोरक्षभूमि पर पेप्सी प्लांट का उद्घाटन वरुण बेवरेजेज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ लॉ एंड ऑर्डर और यूपी सरकार के प्रोत्साहन से वरुण बेवरेजेज की गीडा यूनिट महज एक साल में उत्पादनरत हो गई है। यह प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि ग्रुप का टर्नओवर 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक है और ग्रुप में कुल मिलाकर 40 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला हुआ है। वरुण बेवरेजेज के आठ प्लांट अकेले उत्तर प्रदेश में हैं। गोरखपुर की यूनिट में 1500 को रोजगार मिला है जबकि दस हजार किसानों-पशुपालकों को दूध बेचकर आय बढ़ाने का मौका मिलेगा। वरुण बेवरेजेज के टेक्निकल हेड बग्गा ने प्लांट से जुड़े तकनीकी पहलुओं और सॉफ्ट ड्रिंक्स तथा डेयरी प्रोडक्ट के बनने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, नेपाल के कृष्णानगर के सांसद अभिषेक प्रताप शाह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक प्रदीप शुक्ल, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, श्रीराम चौहान, सरवन निषाद, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, एमएलसी बागीश पाठक, प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, मेदांता ग्रुप के चेयरमैन डॉ. नरेश त्रेहन, गीडा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुज मलिक, भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बॉटलिंग प्लांट का निरीक्षण किया मुख्यमंत्री ने

वरुण बेवरेजेज की गीडा यूनिट का फीता काटकर उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बॉटलिंग प्लांट का सघन निरीक्षण भी किया। उन्होंने कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक के मैन्युफैक्चरिंग से लेकर पैकेजिंग तक के प्रोसेस तथा पेप्सिको ब्रांड के विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर वरुण बेवरेजेज के अधिकारियों ने सीएम योगी को यहां लगी अत्याधुनिक हाईटेक मशीनों और बॉटलिंग प्रक्रिया की जानकारी दी।

Tags: cm yogigorakhpur news
Previous Post

वेंडिंग जोन को नागरिकों और वेंडर के लिए बनाएं और अधिक उपयोगी: एके शर्मा

Next Post

पीएम मोदी ने फोन कर जाना खड़गे का हालचाल, स्वास्थ्य की ली जानकारी

Writer D

Writer D

Related Posts

Bhupendra Chaudhary
उत्तर प्रदेश

सपा सरकार में कांवड़ यात्रा और रामनवमी के जुलूस बाधित किए जाते थे : चौधरी भूपेंद्र सिंह

20/10/2026
उत्तर प्रदेश

मेरठ की डीप टेक स्टार्टअप सर्कुलॉजी ने योगी सरकार और इन्वेस्ट यूपी के साथ किया एमओयू

20/10/2026
Main Slider

सड़क निर्माण में देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं: केशव मौर्य

20/10/2026
Main Slider

शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे नागपुर से किया अरेस्ट, बहन और ड्राइवर भी पकड़े गए

20/10/2026
उत्तर प्रदेश

2027 की हार अभी से स्वीकार कर चुकी है समाजवादी पार्टी: दयाशंकर सिंह

20/10/2026
Next Post
PM Modi, Mallikarjun Kharge

पीएम मोदी ने फोन कर जाना खड़गे का हालचाल, स्वास्थ्य की ली जानकारी

यह भी पढ़ें

CM Yogi

मां यशोदा की भूमिका में होती हैं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता: सीएम योगी

19/09/2023
Four arrested in cashier murder case

गांजा तस्कर गिरफ्तार

13/04/2024
Rain

मौसम फिर लेगा करवट! दिल्ली-UP में बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में छाएगा घना कोहरा

22/01/2025
Facebook Twitter Youtube

© 2017 24घंटेऑनलाइन

  • होम
  • राष्ट्रीय
    • उत्तराखंड
    • उत्तर प्रदेश
    • पंजाब
    • हरियाणा
    • छत्तीसगढ़
    • राजस्थान
    • हिमाचल प्रदेश
  • राजनीति
  • अंतर्राष्ट्रीय
  • क्राइम
  • मनोरंजन
  • शिक्षा
  • स्वास्थ्य
  • धर्म

© 2017 24घंटेऑनलाइन

Go to mobile version