तमिलनाडु की राजनीति में सोमवार को उस समय हलचल मच गई, जब फिल्म अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर कथित विवादित टिप्पणी के मामले में नेता प्रतिपक्ष और डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन (DMK leader Udhayanidhi Stalin) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की शिकायत के बाद हुई। मामले को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
TVK ने दर्ज कराई थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, तंजावुर में TVK की केंद्रीय जिला महिला विंग की संयोजक एस. भैरवी ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ तंजावुर ईस्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि जनसभा के दौरान अभिनेता तृषा कृष्णन का नाम आने पर उदयनिधि ने महिलाओं का अपमान करने वाली टिप्पणी की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तंजावुर में उस स्थान के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी, जहां उदयनिधि ठहरे हुए थे। इसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया और बाद में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषण के दौरान क्या हुआ?
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित जनसभा में उदयनिधि स्टालिन भाषण दे रहे थे। इसी दौरान भीड़ से “तृषा-तृषा” के नारे लगने लगे। आरोप है कि इसके जवाब में उन्होंने ऐसी टिप्पणी की, जिसे TVK ने दोअर्थी और आपत्तिजनक बताया।
हालांकि, उदयनिधि ने कथित तौर पर कहा कि उनका संदर्भ कावेरी नदी के पानी से था, न कि अभिनेत्री से।
दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने
गिरफ्तारी के बाद तमिलनाडु में राजनीतिक माहौल गरमा गया। चेन्नई समेत कई स्थानों पर TVK कार्यकर्ताओं ने उदयनिधि के खिलाफ प्रदर्शन किया, जबकि तिरुचिरापल्ली में डीएमके समर्थकों ने उनकी गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।









