एरिजोना: अमेरिका के ग्रैंड कैन्यन में अचानक आई बाढ़ ने पर्यटकों और प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार को ब्राइट एंजेल कैन्यन और फैंटम रैंच इलाके में तेज बारिश के बाद फ्लैश फ्लड (Flash Floods) आई, जिसके चलते 20 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है।
तेज पानी के बहाव में ब्राइट एंजेल क्रीक पर बने लगभग सभी पैदल पुल बह गए। इसके चलते कई प्रमुख ट्रेल्स पर आवाजाही बाधित हो गई है। अचानक आई बाढ़ ने इलाके में मौजूद लोगों के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर दी।
62 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
घटना के बाद पार्क प्रशासन और एरिजोना डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी ने संयुक्त रूप से राहत और निकासी अभियान शुरू किया। अधिकारियों की टीमें प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं।
पार्क प्रशासन के अनुसार, 30 अगस्त की सुबह तक फैंटम रैंच और लोअर नॉर्थ काइबाब ट्रेल इलाके से 62 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका था। प्रशासन अब यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि प्रभावित क्षेत्र में मौजूद कोई व्यक्ति लापता या फंसा हुआ न रह जाए।
फिलहाल लापता लोगों की तलाश के साथ-साथ प्रभावित ट्रेल्स और बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।









