देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जताते हुए नौ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।
बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम से सामान्य तथा पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से काफी कम रहा।
नैनीताल में सबसे अधिक 63.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। पंतनगर में 59.2 मिमी, मुक्तेश्वर में 38.6 मिमी, जौलीग्रांट में 40.2 मिमी, खटीमा में 23 मिमी तथा पिथौरागढ़ में 1.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा नैनिडांडा में 50, गुलरभोज में 47, गदरपुर में 45, कालाढूंगी में 43.5, बनबसा में 41 और बाजपुर में 40.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
राजधानी देहरादून में भी आंशिक से सामान्य रूप से बादल छाए रहने तथा एक-दो दौर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश भारी अथवा तीव्र हो सकती है। देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 30 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
आईएमडी ने बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।









