चंडीगढ़। चंडीगढ़ की बुडैल जेल में मंगलवार की रात दो कैदी आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच काफी देर तक मारपीट होती रही, जिसके बाद जेल प्रशासन ने हस्तक्षेप कर उन्हें अलग किया। इस झड़प में एक कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल कैदी की पहचान विकास के रूप में हुई है, जो पुलिस जांच में गैंगस्टर लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं दूसरे कैदी की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले से ही पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जो मंगलवार को अचानक हिंसक रूप ले बैठी।
दोनों कैदी जेल परिसर में बनी डिस्पेंसरी में नियमित जांच और दवा लेने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही मिनटों में तीखी बहस में बदल गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जेल पुलिस और सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मौके पर ही घायल विकास को प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसे तुरंत अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। जेल स्टाफ और अन्य कैदियों से पूछताछ की जा रही है। दोनों
कैदियों के बीच चल रही पुरानी रंजिश और झगड़े के कारणों की गहन जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा
सके।








