अमेरिका-भारत ट्रेड डील को लेकर देश में सियासत गरमायी हुई है। विपक्ष की ओर से मोदी सरकार पर इस समझौते को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। इस बीच, राहुल गांधी (Rahul Gandhi ) ने ‘कंप्रोमाइज्ड’ प्रधानमंत्री वाली टिप्पणी को दोहराया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री फिर से सरेंडर कर देंगे।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi ) ने एक्स पोस्ट में लिखा, “PM ने समझौता कर लिया है। उनका धोखा अब सामने आ गया है। वे फिर से बातचीत नहीं कर सकते। वे फिर से सरेंडर कर देंगे।” दरअसल, राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं का दावा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में, पीएम मोदी ने भारत के किसानों की बलि चढ़ा दी है और यह एक ‘शर्मनाक आत्मसमर्पण’ है।
इससे पहले शुक्रवार को यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में प्रदर्शन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ ‘PM is Compromised’ के नारे लगाए। जिस समय यह विरोध प्रदर्शन हुआ, उस समय समिट में देश-विदेश के कई दिग्गज और प्रतिनिधि मौजूद थे। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता अचानक बैनर-पोस्टर लेकर मुख्य हॉल के पास पहुंच गए। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और परिसर से बाहर निकाला।
यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को सत्तापक्ष ने देश का अपमान बताया है। इसके साथ उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। देश में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।









