पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से शुरू होगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में सत्र बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। सरकार इस सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण विधायी और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा कर सकती है। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य के जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ा ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार करीब 10 लाख नए लोगोंको राशन कार्ड योजना के दायरे में शामिल करेगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ मिल सके।
पूरी तरह डिजिटल होगी राशन कार्ड प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए राशन कार्ड नो कैश, नो फरमाइश’ के सिद्धांत पर बनाए जाएंगे। पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी होगी, जिससे किसी भी तरह की सिफारिश या अनियमितता की गुंजाइश नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि पात्रता के आधार पर जरूरतमंद परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं, दिव्यांगों और अन्य कमजोर वर्गों को प्राथमिकता दी जाएगी।
‘मेरी रसोई’ योजना का बढ़ेगा दायरा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि वर्तमान में राज्य के लगभग 32 लाख परिवार ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत लाभान्वित हो रहे हैं। नए राशन कार्ड बनने के बाद इस योजना का लाभ नए पात्र परिवारों तक भी पहुंचाया जाएगा, जिससे खाद्य सुरक्षा का दायरा और व्यापक होगा। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाना है।









