नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर देशभर में भाजपा की ओर से अलग-अलग सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रक्तदान, स्वच्छता अभियान, सामाजिक सेवा और दीप प्रज्ज्वलन जैसे कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है। अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलना है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़े मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए। कई स्थानों पर कुरान ख्वानी कर प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए दुआ की गई।
मुरादाबाद से मेरठ तक हुए कार्यक्रम
मुरादाबाद में मुस्लिम महिलाओं के कार्यक्रम में केक काटने और मिठाई बांटने के बाद कुरान ख्वानी की गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और देश की तरक्की के लिए दुआ की गई।
मेरठ में भी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़े लोगों के घर आयोजित कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। यहां केक काटकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी गई और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए दुआ की गई।
अजमेर और निजामुद्दीन में चिरागान की तैयारी
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन की योजना बनाई गई है। रिपोर्टों के मुताबिक, 500 से अधिक स्थानों पर दीये जलाए जाने हैं।
अजमेर शरीफ और दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन औलिया दरगाह समेत कई सूफी स्थलों पर चिरागान, चादरपोशी और दुआ के कार्यक्रमों की जानकारी दी गई है। इन कार्यक्रमों में देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ के साथ प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य की कामना की जाएगी।
‘सेवा संकल्प’ में सामाजिक सेवा पर जोर
प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू हुआ भाजपा का महीने भर का अभियान केवल समारोहों तक सीमित नहीं है। इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और सरकारी योजनाओं से जुड़े जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
वाराणसी समेत कई शहरों में मुस्लिम संगठनों और स्थानीय समूहों की ओर से भोजन व फल वितरण, स्वच्छता अभियान और मेडिकल कैंप जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।









