मुंबई के मझगांव इलाके में रविवार रात गणेश प्रतिमा के आगमन जुलूस के दौरान कथित तौर पर अंडे फेंके जाने के बाद तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद दो गुटों के बीच विवाद और झड़प की स्थिति पैदा हो गई, जिसके चलते इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
गणेश उत्सव आयोजकों के मुताबिक, गणेश प्रतिमा के आगमन का जुलूस इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान पास की इमारतों में से किसी व्यक्ति द्वारा जुलूस की ओर अंडा फेंके जाने का आरोप है। घटना के बाद जुलूस में शामिल लोगों में नाराजगी बढ़ गई और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस इलाके में लगातार गश्त कर रही है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
अखिल पब्लिक फेस्टिवल कमेटी के अध्यक्ष हितेश जाधव ने भी आरोप लगाया कि गणपति की प्रतिमा के आगमन के बाद पास की इमारत से जुलूस की ओर अंडा फेंका गया। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि अंडा फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान हुई है या नहीं।
फिलहाल पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। प्रशासन की कोशिश है कि घटना को लेकर किसी तरह की अफवाह न फैले और इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे।









