प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को प्रस्तावित प्रयागराज दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह को पुलिस ने उनके आवास पर नजरबंद किया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अपराह्न 3:45 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। इसके बाद वह उच्च न्यायालय परिसर में बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:10 बजे प्रयागराज से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। अधिकारियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह को नजरबंद किए जाने की कार्रवाई को भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री का प्रयागराज दौरा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।







