लखनऊ: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए मंगलवार का दिन रोजगार के लिहाज से अहम रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में कृषि विभाग और मंडी परिषद में चयनित 3572 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के 3446 और मंडी परिषद के मंडी सचिव के 126 पद शामिल हैं।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी करना सरकार की प्राथमिकता है।
सीएम योगी ने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में 9.30 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए कहा कि अब परीक्षाओं और परिणामों में अनावश्यक देरी नहीं हो रही है। उनके मुताबिक, कई भर्ती परीक्षाएं 14 दिन में और परिणाम अगले 14 दिन में जारी किए जा रहे हैं।
योगी ने कहा कि सरकार युवाओं की प्रतिभा का इस्तेमाल प्रदेश के विकास में कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आज दुनिया के कई देश उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर देना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि पांच हजार से अधिक युवाओं को इजरायल भेजा गया है, जहां वे रोजगार कर रहे हैं।
नवनियुक्त कर्मचारियों से मुख्यमंत्री ने किसानों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि मंडियों में साफ-सफाई, किसानों के बैठने की व्यवस्था और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाना ही सही मायने में ‘नेशन फर्स्ट’ है।








