पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) के घर शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय ने छापेमारी की। ईडी की टीम करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित उनके आवास पर पहुंची। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7:25 बजे कार्रवाई शुरू हुई।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीआईए और विशेष बल के करीब तीन दर्जन जवान तैनात किए गए। हालांकि ईडी की ओर से फिलहाल कार्रवाई के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि “भाजपा का सुपारी किलर ईडी फिर पंजाब पहुंच गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिनों तक “तमाशा” और “फर्जी खबरें” चलेंगी, जिसके बाद एजेंसियां वापस लौट जाएंगी।
संजय सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार को बदनाम करने और राज्य में विकास कार्यों को रोकने के लिए केंद्र सरकार लगातार एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब सरकार को घेरने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।









