दिल्ली के भारत मंडपम में बुधवार को आयोजित NDA कॉन्क्लेव में जहाँ एक तरफ सरकार के 12 साल के सफर और भविष्य की राजनीति पर मंथन चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) का एक बेहद अनौपचारिक और दोस्ताना अंदाज भी देखने को मिला। बैठक के दौरान पीएम मोदी बंगाल के मशहूर स्ट्रीट फूड ‘झालमुड़ी’ का लुत्फ उठाते नजर आए। दिलचस्प बात यह थी कि खुद बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उन्हें यह झालमुड़ी परोस रहे थे।
प्रधानमंत्री (PM Modi) ने इस हल्के-फुल्के पल का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, “आज NDA बैठक में साथी नेताओं के साथ झालमुड़ी शेयर करते हुए।” वीडियो में शुभेंदु अधिकारी पीएम मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य सहयोगी नेताओं को बड़े चाव से झालमुड़ी देते दिख रहे हैं। यह वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर छा गया। राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा इसलिए भी तेज है क्योंकि ठीक इसी दिन TMC के 19 बागी सांसदों की एक लिस्ट भी सामने आई है।
आखिर क्या है यह झालमुड़ी, जिसके मुरीद हुए पीएम?
झालमुड़ी पश्चिम बंगाल, खासकर कोलकाता का सबसे पसंदीदा स्ट्रीट फूड है। यह दो बंगाली शब्दों से मिलकर बना है— ‘झाल’ यानी तीखा/मसालेदार और ‘मुड़ी’ यानी मुरमुरे। इसे मुरमुरे, भुनी मूंगफली, कटे हुए प्याज, टमाटर, उबले आलू, हरी मिर्च और कुछ खास मसालों को मिलाकर तैयार किया जाता है। अपने चटपटे और तीखे स्वाद की वजह से यह हर किसी की पहली पसंद है।
बंगाल की राजनीति का ‘चुनावी प्रतीक’ बनी झालमुड़ी
यह पहली बार नहीं है जब पीएम मोदी (PM Modi) का झालमुड़ी प्रेम दिखा हो। इससे पहले 19 अप्रैल को बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झारग्राम में रैली खत्म करने के बाद, पीएम मोदी अचानक सड़क किनारे लगे एक झालमुड़ी स्टॉल पर रुक गए थे। उन्होंने न सिर्फ झालमुड़ी खरीदी बल्कि स्थानीय लोगों से बातचीत भी की।
इसके बाद तो झालमुड़ी बंगाल चुनाव में बीजेपी का एक बड़ा सियासी प्रतीक बन गई। पार्टी के कई बड़े नेता रैलियों में झालमुड़ी खाते दिखे और चुनाव जीतने के बाद बीजेपी दफ्तरों में समर्थकों को झालमुड़ी बांटकर जश्न भी मनाया गया।
NDA का महामंथन: जुटे 22 राज्यों के दिग्गज
भारत मंडपम में हुआ यह कॉन्क्लेव बेहद खास था। इसका मकसद मोदी सरकार के सफल 12 साल पूरे होने का जश्न मनाना और आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करना था। इस बैठक में NDA शासित सभी 22 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल हुए।
पीएम मोदी ने रचा इतिहास, तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड
यह बुधवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक और बड़ी ऐतिहासिक कामयाबी लेकर आया। वह भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार चुने रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं।
एक नया रिकॉर्ड: पीएम मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार 4,398 दिनों के कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। बुधवार को प्रधानमंत्री के रूप में उनके लगातार 4,399 दिन पूरे हो गए। (नोट: नेहरू जी का 1947 से 1952 का कार्यकाल इसमें नहीं गिना जाता, क्योंकि वह अंतरिम सरकार थी और तब देश में आम चुनाव नहीं हुए थे। हालांकि, कुल कार्यकाल के मामले में इंदिरा गांधी अब भी 14 साल से अधिक समय तक पीएम रही हैं।)








