लखनऊ: उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev) ने गुरुवार को राष्ट्रधर्म कार्यालय में राष्ट्रधर्म पत्रिका के अगस्त अंक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्रधर्म केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि विचार और संस्कारों का माध्यम है। इसे हर व्यक्ति और हर परिवार को पढ़ना चाहिए।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राष्ट्रधर्म पत्रिका के साथ देश की कई महान विभूतियों का जुड़ाव रहा है। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी, नानाजी देशमुख, भाऊराव देवरस और रज्जू भैया जैसे वरिष्ठ नेताओं ने इसके लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पत्रिका में विचारों के साथ-साथ परिवार के सभी सदस्यों के लिए उपयोगी सामग्री उपलब्ध रहती है।
हर व्यक्ति तक स्वच्छ जल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
जल शक्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक व्यक्ति तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले समय में जल सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक हो सकता है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी ने जल संकट को लेकर पहले ही चेताया था कि भविष्य में पानी के लिए संघर्ष की स्थिति पैदा हो सकती है। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारत इस चुनौती से निपटने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
‘जल है तो कल है’ होगा विशेषांक
कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि राष्ट्रधर्म पत्रिका का आगामी नवंबर अंक ‘जल है तो कल है’ विशेषांक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। इसमें जल संरक्षण और जल प्रबंधन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा।
इससे पहले कार्यक्रम में राष्ट्रधर्म के निदेशक अभिनव भार्गव ने स्वतंत्र देव सिंह का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. ओमप्रकाश ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रधर्म के प्रभारी निदेशक सर्वेश चन्द्र द्विवेदी ने की।








