लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती (Mayawati) ने कहा है कि पंजाब विधानसभा का चुनाव बसपा अकेले दम पर लड़ेगी। उन्हाेंने कहा कि गठबंधन और चुनावी समझौतों से उनकी पार्टी काे नुकसान हाेता है। अपने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि विरोधियाें के सभी हथकंडाें का डटकर सामाना करते हुए बेहतर रिजल्ट की तैयारी रखनी है।
बसपा प्रमुख ने मंगलवार काे लखनऊ स्थित बसपा के केंद्रीय कैंप कार्यालय में पंजाब में हाेने वाले विधानसभा चुनाव तैयारियों की समीक्षा बैठक की। इसमें पंजाब के पार्टी पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।
बैठक के बाद मायावती ने घोषणा करते हुए कहा कि पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हाेने वाले आगामी विधानसभा चुनावों काे लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। बैठक में यह भी फैसला किया गया है कि पार्टी कर्मठ, ईमानदार लाेगाें काे उम्मीदवार बनाएगी। मायावती ने कहा कि बसपा पंजाब विधानसभा का चुनाव भी यूपी और उत्तराखंड की तरह बिना किसी गठबंधन और समझाैता के अपने बलबूते लड़ेगी। इसकी खास वजह चुनावी गठबंधन से बसपा काे सीट व वाेट दाेनाें में हाेने वाले नुकसान से बचाना है। पार्टी के लाेगाें के मनाेबल काे गिरने से बचाना है।
इसके अलावा बसपा प्रमुख ने पार्टी संस्थापक कांशीराम की 9 अक्टूबर काे हाेने वाली पुण्यतिथि कार्यक्रम की तैयारी और इसे सफल बनाने का निर्देश दिया है।








