कर्नाटक कांग्रेस में लंबे समय से चल रही सियासी हलचल के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) आज दोपहर 3 बजे अपने पद से इस्तीफा देंगे। कर्नाटक सरकार में मंत्री एचके पाटिल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है।
नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच सुबह मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) के सरकारी आवास ‘कावेरी’ में अहम ब्रेकफास्ट मीटिंग हुई, जिसमें डीके शिवकुमार, एचके पाटिल, कई कैबिनेट मंत्री और सिद्धारमैया के करीबी विधायक शामिल हुए। बैठक के दौरान डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और दोनों नेताओं ने गले मिलकर पार्टी में एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की।
बैठक के बाद मंत्री एचके पाटिल ने मीडिया से कहा, “मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Siddaramaiah) आज 3 बजे इस्तीफा देंगे। उन्होंने खुद कहा है कि डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।”
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार सिद्धारमैया दोपहर 2:30 बजे लोक भवन जाएंगे और इसके बाद अपने आधिकारिक आवास ‘कृष्णा’ में शाम 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। कर्नाटक की राजनीति में इस बदलाव को कांग्रेस के भीतर बड़े नेतृत्व परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है।









