बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने शुक्रवार को बांग्लादेश के पार्लियामेंट्री चुनावों में “निर्णायक जीत” दर्ज की है। जिसके बाद तारिक रहमान (Tarique Rahman) का देश का नया प्रधानमंत्री चुना जाना तय माना जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के तख्तापलट और देश छोड़ने के बाद यह बांग्लादेश में पहला बड़ा चुनाव था। 20 साल बाद बीएनपी की सत्ता में वापसी होने जा रही है।
बांग्लादेश में गुरुवार को संसदीय चुनाव के लिए वोट डाले गए थे और शाम को ही मतगणना शुरू हो गई थी। अभी तक जो नतीजे सामने आए हैं उसमें तारिक रहमान (Tarique Rahman) की पार्टी वाले गठबंधन ने 209 सीटें जीतकर 300 सदस्यों वाले जातीय संसद या देश के सदन में दो-तिहाई बहुमत हासिल किता है। उसने 2001 में मिली 193 सीटों को पार कर लिया। इस बीच, जमात-ए-इस्लामी को करारा झटका लगा, वह डबल-डिजिट सीटों तक ही सीमित रही, जबकि नतीजे धीरे-धीरे आते रहे, जिससे BNP की वापसी का पता चलता है।
बीएनपी ने चुनाव में जीत का दावा करते हुए देशवासियों को बधाई दी है लेकिन समर्थकों से जश्न न मनाने की अपील की है। बीएनपी ने कहा कि विजय उत्सव के बजाय कार्यकर्ता और समर्थक पूरे देश में शुक्रवार की नमाज़ अदा करें और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को याद करें।








