लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) बुधवार को लखनऊ स्थित अंसल गोल्फ सिटी के एक स्थानीय होटल में आयोजित वूमेन अचीवर्स एवार्ड समारोह में सहभागिता करते हुये महिलाओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सम्मानित होने वाली महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि हर महिला को आर्थिक रूप से सशक्त होने और उनको स्वावलम्बी बनने का अवसर मिले।
राज्यपाल ने कहा कि महिलाओं को प्रतिष्ठा एवं बराबरी का दर्जा मिलना चाहिए। क्योंकि परिवार में एक माँ के रूप में वह अपनी विशिष्ट भूमिका अदा करती हैं। आनंदीबेन पटेल ने कहा कि यह सच है कि इक्कीसवीं शताब्दी में हमारे देश की महिलाएं न केवल स्वावलम्बी बनकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ी हैं, बल्कि भावी संगठनों का निर्माण करते हुए सशक्त भी हुई हैं।
राज्यपाल आनंदीबेन ने सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान का किया शुभारम्भ
उन्होंने कहा कि अनेक महिलाओं ने सामाजिक नैतिकता की बाध्यताओं को पार करते हुए घर तथा कार्यस्थल पर स्वयं को सफल उद्यमी एवं कार्यकारी व्यावसायिकों के रूप में साबित किया है। नए उद्यमों को आरंभ करने एवं उनका सफलतापूर्वक संचालन करने वाली महिलाओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी उपलब्धियां अर्जित की हैं और दूसरों को प्रेरित भी कर रही हैं।
राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान युग नारी शक्ति का युग है। हमें सफल महिलाओं से प्रेरणा लेते हुए हर महिला को आर्थिक स्वावलम्बन की चुनौती को स्वीकारना होगा। केन्द्र सरकार का भी दृष्टिकोण महिलाओं के नेतृत्व वाले सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने में है। सरकार ने कामकाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की गरिमा को महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज सबसे गरीब महिलाएं जो सुरक्षित स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी की समस्याओं का सामना करती थी, उन्हें शौचालय, रसोई गैस आदि से अधिक सुरक्षित स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण मिला है। हमारे प्रधानमंत्री के नारी सशक्तिकरण के प्रयास बहनों की उपलब्धियों में दिख रहे हैं।
गर्भवती महिलाओं, बच्चों और किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करें : आनंदीबेन
कार्यक्रम में राज्यपाल ने विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 महिलाओं को सम्मानित किया तथा कुंवर ग्लोबल स्कूल, लखनऊ के बच्चों को उपहार प्रदान किया।